टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से मुंबई लाए गए तीन मुख्य आरोपी, क्राइम ब्रांच ने शुरू की पूछताछ; नेपाल भागने की थी योजना

Share

- Advertisement -

Mumbai News: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग मामले में पकड़े गए तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस बुधवार सुबह राजस्थान के कोटा से मुंबई ले आई। सड़क मार्ग से मुंबई पहुंचने के बाद सभी का जीटी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उनसे पूछताछ शुरू की।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, बेगूसराय के रितिक कुर्मी उर्फ रोशन और हरियाणा के फूल सिंह के तौर पर हुई है। कोटा पुलिस द्वारा सौंपे जाने के बाद मुंबई पुलिस ने कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल की थी। आरोपियों के बचाव के लिए वकील अजिंक्य मिरगल भी क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे।

जुहू में की थी फायरिंग, पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं

रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। अभिनेता सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग की गई थी। घटना के बाद आरोपी अंधेरी में बाइक छोड़कर भाग निकले थे।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सूरत से ट्रेन पकड़कर जयपुर पहुंचे थे और वहां से बस पकड़कर दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी रेहान लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित के लगातार संपर्क में था।

दिल्ली पुलिस ने भी पकड़े चार मददगार, हथियार सप्लाई का खुलासा

इस सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी दो महिलाओं सहित चार मददगारों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कुणाल, सुमित, राधा और बबीता शामिल हैं। यह आरोपी विदेश में बैठे अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से हथियार और कारतूस लेकर ट्रेन से मुंबई पहुंचे थे। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News