Georgia News: अमेरिका के जॉर्जिया में स्थित मनोरंजन पार्क में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। रोलर कोस्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस विभाग की अपराध इकाई मामले की गहन जांच कर रही है।
अटलांटा के पास मनोरंजन पार्क में हुआ दर्दनाक हादसा
कॉब काउंटी पुलिस के अनुसार यह घटना ‘सिक्स फ्लैग्स ओवर जॉर्जिया’ पार्क में हुई। यह मनोरंजन पार्क अटलांटा से लगभग 24 किलोमीटर दूर स्थित है। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि पीड़ित की मौत कैसे हुई और अन्य लोग किस वजह से घायल हुए। जांच जारी है।
सिक्स फ्लैग्स प्रबंधन ने बयान जारी कर इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख जताया है। पार्क के प्रवक्ता ने कहा कि आपातकालीन टीम ने तुरंत एक्शन लिया। पार्क प्रशासन स्थानीय जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहा है। घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
सिक्स फ्लैग्स के रोलर कोस्टर पर पहले भी उठे सवाल
हाल ही में कैलिफोर्निया स्थित पार्क में ‘एक्स2’ रोलर कोस्टर को बंद किया गया था। वहां झूले के कारण मस्तिष्क में गंभीर चोट लगने के आरोप लगे थे। कंपनी ने 2022 में जान गंवाने वाले एक युवक के मामले में अदालत के बाहर समझौता किया था।
कंपनी के खिलाफ ब्रेन इंजरी से जुड़े तीन नए मुकदमे भी दर्ज हुए हैं। इसके अलावा पिछले साल फ्लोरिडा के एक अन्य पार्क में भी तेज रफ्तार रोलर कोस्टर पर 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी। पुलिस अब जॉर्जिया हादसे के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
