World News: पाकिस्तानी सेना का एक प्रशिक्षण विमान सोमवार दोपहर तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई। सेना के आधिकारिक बयान के अनुसार यह घटना बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के पास नवां किल्ली इलाके में पेश आई।
तकनीकी खराबी के कारण हुआ बड़ा हादसा
पाकिस्तान आर्मी एविएशन का मुश्शाक ट्रेनर एयरक्राफ्ट रूटीन उड़ान पर था, तभी उसमें अचानक गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। विमान अनियंत्रित होकर क्वेटा के निकट जमीन पर गिर गया। सेना ने पुष्टि की है कि हादसे में प्रशिक्षक पायलट मेजर हसनैन शहजाद हुमायूं और प्रशिक्षु कैप्टन अब्दुल समद ने अपनी जान गंवा दी है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया गहरा शोक
विमान हादसे की खबर मिलते ही राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों जांबाज पायलटों की मौत पर गहरा शोक जताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सैन्य अधिकारियों ने विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
इससे पहले जून महीने में भी पाकिस्तानी सेना का एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह हादसा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मुजफ्फराबाद के पास हुआ था, जिसमें सवार सभी सैन्य कर्मियों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों से सेना के एविएशन बेड़े पर सवाल उठ रहे हैं।
