Shimla News: हिमाचल प्रदेश कैबिनेट ने युवाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने राज्य के विभिन्न विभागों में 10 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। जल शक्ति विभाग में 4090 पैरा कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग में 500 स्टाफ नर्स के पद भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में 100 नए स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए नई योजना बनाई जाएगी। इन स्कूलों में योजना आधारित भर्ती के तहत 3,900 शिक्षकों और 900 गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के पद भरे जाएंगे।
कैबिनेट ने छूटे हुए एसएमसी शिक्षकों (पीजीटी और टीजीटी सहित) के लिए लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट यानी एलडीआर परीक्षा आयोजित करने की मंजूरी दी। साथ ही सरकारी स्कूलों में आउटसोर्स पर कार्यरत शिक्षकों में से कंप्यूटर शिक्षकों के पद भी एलडीआर के माध्यम से भरे जाएंगे।
शिक्षा विभाग में बैकलॉग कोटे के तहत 320 असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) पदों को भरने का निर्णय हुआ है। लोक निर्माण विभाग में 172 मल्टी टास्क वर्कर नियुक्त होंगे। मेडिकल एजुकेशन विभाग में 30 रेडियोलॉजिस्ट, 13 क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और 6 परफ्यूजनिस्ट के पदों पर भर्ती होगी।
दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण के तहत विभिन्न श्रेणियों के 27 पदों के साथ 11 मल्टी टास्क वर्कर पद भरे जाएंगे। इसके अलावा डॉ. आरपीजीएमसी टांडा में 24 मेडिकल ऑफिसर पदों को भरने की स्वीकृति मिली है। पशुपालन विभाग में 116 विभिन्न पद भरे जाएंगे।
बागवानी विभाग में 40 हॉर्टिकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर और 5 वरिष्ठ सहायक पदों की मंजूरी दी गई। दुर्गाशरण्य कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान के लिए 26 नए पद सृजित किए गए हैं। आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 10 रेडियोग्राफर और कोषागार विभाग में 18 सहायक कोषागार अधिकारी नियुक्त होंगे।
सरकार के इन फैसलों से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, जल शक्ति और लोक निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कामकाज बेहतर होगा। इससे जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी।