ऊना के दियोली गांव में महिला से स्नैचिंग का मामला सुलझा, गगरेट पुलिस ने पंजाब और हिमाचल से दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Una News: ऊना जिले के गगरेट उपमंडल अंतर्गत दियोली गांव में महिला से सोने की बालियां छीनने की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। गगरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय कार्रवाई करते हुए हिमाचल और पंजाब में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की गई है।

दियोली गांव में स्नैचिंग की घटना के बाद गगरेट पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई थी। जांच टीम ने घटनास्थल और एस्केप रूट्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी पंजाब के तलवाड़ा की ओर भागते दिखे। आगे रास्ता साफ न होने पर एसएचओ रमेश चंद के नेतृत्व में खुफिया नेटवर्क सक्रिय किया गया।

पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी पंजाब सीमा से सटे हिमाचल के इलाकों में छिपे हैं। रणनीति बनाकर पुलिस टीम ने शनिवार सुबह कांगड़ा जिले की जसवां-कोटला तहसील के बरनाली गांव में छापा मारा। वहां से पहले आरोपी शिव कुमार को दबोचा गया। उसके पास से स्कूटी और शर्ट भी बरामद हुई।

शिव कुमार से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर जिले के भंबो थार गांव में दबिश दी। वहां से दूसरे आरोपी अनुराग चौधरी उर्फ भोंगा को गिरफ्तार किया गया। अनुराग मूल रूप से कांगड़ा जिले के रिहाड़ी कुठेड़ा का निवासी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि स्नैचिंग के दोनों आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी। रिमांड के दौरान सोने की बालियां बरामद की जाएंगी। साथ ही उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News