Mandi News: सरकाघाट में हाईवे किनारे मौजूद कूड़े के ढेर से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार उठती तेज बदबू के कारण राहगीरों का चलना दूभर हो चुका है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चन्द भारद्वाज ने इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग उठाई है।
सरकाघाट-अवाहदेवी नेशनल हाईवे 03 पर स्थित इस डम्पिंग साइट की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को दुर्गंध से बचने के लिए अपना मुंह और नाक कपड़े से ढंकना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह बदबू इतनी ज्यादा है कि कभी भी किसी की तबीयत बिगड़ सकती है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश चन्द भारद्वाज ने उपमण्डल अधिकारी (नागरिक) सरकाघाट को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस साइट को किसी सुनसान जगह, खड्ड या नाले के पास शिफ्ट किया जाए। साथ ही उन्होंने कचरे को बाहर भेजने के बजाय स्थानीय स्तर पर केंचुआ खाद तैयार करने का भी सुझाव दिया।
इसके अलावा भारद्वाज ने जाहु बस स्टैंड सहित पूरे राज्य में स्वस्थ बच्चियों द्वारा भीख मांगने पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से मांग रखी कि इन बच्चियों के हाथों में कटोरे की जगह किताबें दी जाएं। उन्हें नजदीकी बोर्डिंग स्कूल में मुफ्त दाखिला, शिक्षा और आगे चलकर नौकरी मिले, ताकि वे पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकें।