Bilaspur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 अक्तूबर के बिलासपुर दौरे में बड़ा बदलाव हुआ है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अब श्री नयना देवी जी मंदिर नहीं जाएंगी। वह सीधे हवाई मार्ग से एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी। वहां आयोजित होने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगी।
एम्स प्रशासन को वीरवार देर रात राष्ट्रपति का नया शेड्यूल मिला है। तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति सुबह 10:35 बजे एम्स परिसर में उतरेंगी। इसके बाद सुबह 10:45 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। लगभग 50 मिनट चलने वाला यह कार्यक्रम सुबह 11:35 बजे संपन्न होगा। इसके बाद वह सीधे मनाली रवाना होंगी।
श्री नयना देवी जी का प्रस्तावित दौरा हुआ रद्द
दौरे के पुराने कार्यक्रम में श्री नयना देवी मंदिर जाना प्रस्तावित था और जिला प्रशासन तैयारियां कर रहा था। अब संशोधित कार्यक्रम आने के बाद मंदिर दौरा पूरी तरह रद्द हो गया है। राष्ट्रपति का बिलासपुर प्रवास केवल एम्स परिसर तक सीमित रहेगा। एम्स प्रबंधन नई योजना के तहत तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
घागस और जबली में रूट डायवर्जन, सुरक्षा में जवान तैनात
रूट में बदलाव के बावजूद घागस और जबली का ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। सुबह 10 बजे के बाद दोनों क्षेत्रों में रूट डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन पूरा मार्ग बंद नहीं करेगा ताकि आम जनता को असुविधा न हो। सुरक्षा के लिए 200 पुलिस जवान तैनात रहेंगे और काफिले के रास्तों पर कड़ी निगरानी रहेगी।
राष्ट्रपति छह अक्तूबर को एम्स के दीक्षांत समारोह के बाद मनाली जाएंगी। वह आठ अक्तूबर तक मनाली प्रवास पर रहेंगी। इस तरह बिलासपुर दौरा अब केवल एम्स के कार्यक्रम तक ही रहेगा। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग नए शेड्यूल के मुताबिक संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर रहे हैं।