Jalandhar News: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में कथित दुष्कर्म और छात्रा की खुदकुशी की सूचना के बाद भारी बवाल हो गया। छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़, आगजनी की और हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस चलाकर स्थिति संभाली। प्रबंधन इसे अफवाह बता रहा है, जबकि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यरात्रि को हॉस्टल से शुरू हुआ विरोध
शनिवार देर रात करीब पौने दो बजे सोशल मीडिया और चैट ग्रुप्स पर दुष्कर्म की खबर फैली। इसके बाद छात्र गर्ल्स हॉस्टल के बाहर जुटने लगे। छात्रों में चर्चा थी कि गर्ल्स हॉस्टल-3 के कमरा नंबर 502 की छात्रा से दुष्कर्म के बाद उसने आत्महत्या कर ली। हालांकि किसी भी स्तर पर खुदकुशी की पुष्टि नहीं हुई।
छात्रों ने हॉस्टल प्रबंधन पर मामले को दबाने और छात्रा को घर भेजने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने किसी बाहरी व्यक्ति या निर्माण मजदूर की संलिप्तता का शक जताया। रात करीब साढ़े तीन बजे गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में शीशे, गमले तोड़े और पथराव किया। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा लंबा जाम
सुबह करीब चार बजे सैकड़ों छात्र जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और एक एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस निकलवाई और ट्रैफिक को रामा मंडी व फगवाड़ा बाईपास की ओर डायवर्ट कर रास्ता साफ करवाया।
छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए छह प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने घटना की सच्चाई सामने लाने, आरोपी पर कार्रवाई, वार्डन को हटाने और पारदर्शी जांच की मांग की। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए खुशी नाम की छात्रा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
एसआईटी जांच और दोबारा भड़की हिंसा
डीआईजी नवीन सिंगला ने छात्रों से बातचीत कर बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए विशेष जांच दल बना दिया गया है। इस एसआईटी में पांच छात्रों को भी सदस्य बनाया गया है। टीम सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और मोबाइल डेटा की गहराई से जांच कर सच का पता लगाएगी।
शाम को पुलिस ने फिर समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र शांत नहीं हुए। रात करीब पौने आठ बजे कुछ उपद्रवियों ने पुलिस और आम लोगों की गाड़ियों में आग लगा दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल पुलिस दुष्कर्म के दावों और कैंपस में हिंसा फैलाने वालों दोनों की जांच कर रही है।