मोबाइल में वाई-फाई और ब्लूटूथ बिना जरूरत ऑन रखना खतरनाक, हिमाचल साइबर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Share

- Advertisement -

Shimla News: स्मार्टफोन में वाई-फाई और ब्लूटूथ बिना जरूरत के चालू रखने की आदत आपके डेटा को खतरे में डाल सकती है। हिमाचल प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम विंग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनजान वायरलेस नेटवर्क से कनेक्ट होने से बचना चाहिए।

साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी और दुर्भावनापूर्ण वाई-फाई हॉटस्पॉट बनाकर लोगों को निशाना बनाने के मामले बढ़ रहे हैं। साइबर क्राइम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि स्मार्टफोन इस्तेमाल करते समय घबराने की जरूरत नहीं, बल्कि कुछ सामान्य डिजिटल सावधानियों को आदत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जरूरत हो तभी कनेक्ट करें और काम पूरा होते ही डिस्कनेक्ट कर दें।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अनजान वाई-फाई से ऑटोमैटिक कनेक्शन और अपरिचित ब्लूटूथ डिवाइस से जुड़ने से बचना बेहद जरूरी है। असुरक्षित सार्वजनिक नेटवर्क के इस्तेमाल से फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और निजी डेटा चोरी होने का जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए बिना जरूरत वायरलेस फीचर्स को तुरंत बंद रखना चाहिए।

अपने स्मार्टफोन और निजी डेटा को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने कुछ महत्वपूर्ण टिप्स शेयर किए हैं:

  • जरूरत न होने पर मोबाइल का वाई-फाई और ब्लूटूथ हमेशा बंद रखें।
  • खुले या अनजान वाई-फाई नेटवर्क से ऑटो-कनेक्ट का ऑप्शन बंद रखें।
  • किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड न करें, ऐप केवल आधिकारिक स्टोर से लें।
  • मोबाइल के ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
  • ऐप्स को दी गई लोकेशन, कैमरा, माइक्रोफोन और फाइल की परमिशन जरूर जांचें।
Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News