Bengaluru News: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि भारत 10 प्रतिशत से अधिक की आर्थिक वृद्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए सभी क्षेत्रों को मिलकर कड़े प्रयास करने होंगे। मजबूत विकास दर से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का लक्ष्य तेजी से पूरा होगा।
आईआईटी मद्रास एल्युमनी एसोसिएशन के ‘संगम 2026’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि नए टैलेंट और टेक्नोलॉजी के लिए लगातार रास्ते खुल रहे हैं। देश में लंबे समय से मौजूद आर्थिक चुनौतियों को इनोवेशन के जरिए सुलझाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत के पास आर्थिक रफ्तार बढ़ाने के बड़े अवसर मौजूद हैं।
कृषि और नई टेक्नोलॉजी में विकास की अपार संभावनाएं
वित्त मंत्री ने कहा कि खेती के क्षेत्र में तकनीक आधारित समाधान बड़ा बदलाव ला सकते हैं। आधुनिक तरीके किसानों को नए बाजारों से जोड़कर पैदावार बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि ड्रोन और मैपिंग टेक्नोलॉजी जमीन के रिकॉर्ड सुधारने में पहले से मदद कर रहे हैं। इससे कृषि क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर भी तैयार होंगे।
सीतारमण के अनुसार पिछले एक दशक में देश की अर्थव्यवस्था सोच-समझकर बनाई गई नीतियों से बदली है। सरकार ने बैंकिंग सिस्टम को मजबूत करने के लिए जरूरी फंड दिए। इसके साथ ही अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोला गया, जिससे नए स्टार्टअप्स की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नए सेक्टर देंगे बड़ा सहारा
वित्त मंत्री ने रिन्यूएबल एनर्जी, न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को विकास के मुख्य स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि एआई की सफलता को सिर्फ शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों से नहीं आंकना चाहिए। इस आधुनिक फील्ड में कई नए स्टार्टअप्स और यूनिकॉर्न्स पहले से ही तेजी से काम कर रहे हैं और अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं।