हिमाचल में आईएएस अधिकारियों के तबादले: अनुराग चंद्र शर्मा बने एचपीटीडीसी के एमडी, प्रशासनिक स्तर पर प्रमोशन

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश कार्मिक विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे 2016 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह धर्मशाला कार्यालय में अपना पदभार संभालेंगे।

इस पद पर पहले से तैनात 2017 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. राजीव कुमार को अगली तैनाती के लिए कार्मिक विभाग में उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया है। पर्यटन प्रधान राज्य हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास निगम के एमडी का पद प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील माना जाता है।

कुल्लू डीसी पद से हटाए जाने के बाद मिली नई जिम्मेदारी

आईएएस अनुराग चंद्र शर्मा इससे पूर्व कुल्लू जिले के उपायुक्त पद पर तैनात थे। रेव पार्टी मामले में उचित कार्रवाई न करने के आरोपों के बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर सरकार ने अगस्त के पहले सप्ताह में उन्हें पद से हटा दिया था। इसके बाद से वह शिमला में पदभार मिलने का इंतजार कर रहे थे।

सचिवालय में दो महिला अधिकारियों को मिली पदोन्नति

कार्मिक विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर दो महत्वपूर्ण पदोन्नति आदेश भी जारी किए हैं। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश पर संयुक्त सचिव गीता देवी को अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ विशेष निजी सचिव सरोज सिंह को प्रधान निजी सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। दोनों अधिकारी अपने वर्तमान पदों पर कार्य करती रहेंगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News