Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बन्नादेवी थाना क्षेत्र के क्राउन प्लाजा होटल में दसवीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक, होटल मालिक और अटेंडेंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बिना आईडी नाबालिग को कमरा देने पर होटल को सील कर दिया गया है।
स्कूल जाते समय रास्ते से बरगलाकर ले गया आरोपी
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, छात्रा सोमवार सुबह स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में डिलीवरी ब्वॉय का काम करने वाला आरोपी विशाल उसे बहला-फुसलाकर होटल ले गया। वहां उसने वारदात को अंजाम दिया। शाम को घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।
हिस्ट्रीशीटर है होटल मालिक, पहले भी सील हो चुका है होटल
पुलिस जांच में सामने आया है कि होटल मालिक प्रियेन्द्र प्रताप सिंह बन्नादेवी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह बीजेपी नेता का भतीजा बताया जा रहा है। यह होटल पहले भी अवैध हथियारों की डीलिंग के मामले में सील किया जा चुका है। घटना के समय छात्रा के चिल्लाने पर भी स्टाफ ने मदद नहीं की थी।
आउटर के होटलों में फल-फूल रहा अवैध धंधा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस स्टैंड और हाईवे किनारे बने कई होटलों में नियम-कायदों को ताक पर रखकर नाबालिगों को कमरे दिए जाते हैं। आईडी न होने पर ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं। सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और क्षेत्र के अन्य संदिग्ध होटलों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।