Auraiya News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के पीडीए वाले बयान पर तीखा हमला बोला है। बिधूना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पराया धन अपना बनाना सत्ताधारी दल से बेहतर कोई नहीं जानता। यह सब पराये धन वाले लोग हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने सपा के पीडीए फॉर्मूले पर तंज कसते हुए इसका मतलब पराया, धन, अपना बताया था। इस पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि कई दलों के खातों में सैकड़ों करोड़ रुपये आए हैं। बीजेपी वाले अपनी सरकार जाते देखकर अब सामान समेटने और लूटने में जुट गए हैं।
सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण और सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद गिराए जाने पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए यह कदम उठाया गया। पीड़ितों को ऊपरी अदालत जाने का समय तक नहीं दिया गया। एक सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार महापुरुषों की समाजवादी विरासत को नुकसान पहुंचा रही है और जेपीएनआईसी को बेच दिया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बीजेपी अगर एआई का गलत इस्तेमाल करेगी, तो सपा भी उसी भाषा में जवाब देगी।