Karnal News: हरियाणा की करनाल एसटीएफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 5 विदेशी हथियार और एक थार गाड़ी जब्त की है। यह कार्रवाई नेशनल हाईवे के पास से अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर्स से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक बदमाश ने हाल ही में मशहूर पंजाबी सिंगर दलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर हुई गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था।
विदेश में बैठे दो गिरोहों से जुड़े हैं पकड़े गए बदमाश
मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ डीएसपी अमन कुमार राय ने बताया कि पांचों आरोपियों को करनाल नेशनल हाईवे से पकड़ा गया है। इन बदमाशों ने यमुनानगर में एक व्यापारी के शोरूम पर रंगदारी और दहशत फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात को भी अंजाम दिया था।
इसके अलावा एक आरोपी करनाल के निसंग इलाके में पंजाबी सिंगर के मैनेजर के आवास पर हुई गोलीबारी में सीधे तौर पर शामिल था। पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी विदेश से संचालित दो अलग-अलग आपराधिक गिरोहों के लिए काम करते थे।
पंजाब, हरियाणा और यूपी के रहने वाले हैं सभी आरोपी
एसटीएफ के मुताबिक पकड़े गए पांचों बदमाश अलग-अलग राज्यों पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। डीएसपी ने बताया कि इन पांच आरोपियों में से तीन के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब सभी पकड़े गए बदमाशों को स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान विदेश में बैठे इनके आकाओं, हथियार सप्लायरों और अन्य आपराधिक नेटवर्क के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।