Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुजानपुर ब्लॉक के तहत भेरड़ा पंचायत घर में छुट्टी के दिन चार लोगों की मौजूदगी पर विवाद खड़ा हो गया। भेरड़ा की प्रधान अनु देवी ने बजरोल पंचायत की प्रधान और तीन सचिवों पर शराब पीने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्रधान अनु देवी के अनुसार शुक्रवार को सरकारी अवकाश था। इसके बावजूद पंचायत कार्यालय खुला हुआ था और वहां चार लोग बैठे थे। सूचना मिलने पर जब वे वहां पहुंचीं, तो उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और काफी हंगामा हो गया।
पूछताछ के दौरान कमरे में मौजूद लोग छुट्टी के दिन बैठने का कोई ठोस कारण नहीं बता पाए। प्रधान ने जब दफ्तर के फ्रिज की तलाशी ली, तो उसमें बीयर के दो कैन बरामद हुए। इसके तुरंत बाद उन्होंने सुजानपुर पुलिस स्टेशन को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलाया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए। शनिवार को भेरड़ा पंचायत प्रधान की अगुवाई में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग से मिला। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ने बताया, “संबंधित पंचायत प्रधान की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चारों लोगों का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।