Rome News: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद देश में सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर बने रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया है। इस बड़ी उपलब्धि पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और दोनों देशों की मजबूत रणनीतिक साझेदारी की सराहना की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि मेलोनी के नेतृत्व में इटली की जनता के मजबूत भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के विशेष रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनकी मित्रता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दोनों देश मिलकर उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कार्य जारी रखेंगे।
सिल्वियो बर्लुस्कोनी का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
मेलोनी सरकार ने लगातार 1,413 दिन का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के 1,412 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार 2001 से 2005 के बीच सत्ता में रही थी। अब मेलोनी युद्ध-उपरांत इटली के इतिहास की सबसे निरंतर प्रधानमंत्री बन गई हैं।
दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसी वर्ष जून में भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि हासिल की थी। उस समय जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी को बधाई संदेश भेजा था। अब मेलोनी की इस कामयाबी पर भारतीय प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी से शुभकामनाएं दी हैं।