थाईलैंड में फुटबॉल मैच के दौरान मैदान पर गिरी आकाशीय बिजली, 24 वर्षीय खिलाड़ी सफवान अवे की दर्दनाक मौत

Share

- Advertisement -

Bangkok News: थाईलैंड से एक बेहद दर्दनाक और दर्दनाक हादसे की खबर आई है। फुटबॉल मैच के दौरान मैदान में आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में 24 साल के युवा फुटबॉलर सफवान अवे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से झुलस गए।

यह मैच तूफानी मौसम और तेज बारिश के बीच खेला जा रहा था। मूसलाधार बारिश के बावजूद खिलाड़ी मैदान पर लगातार खेल रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली सीधे मैदान में गिर गई। इस भयानक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि खिलाड़ी मैदान में दौड़ रहे थे। तभी अचानक तेज चमक के साथ बिजली सीधे जमीन से टकराई। बिजली गिरते ही धुएं का गुबार और आग की लपटें दिखाई दीं। झटका लगते ही फुटबॉलर सफवान अवे तुरंत बेहोश होकर मैदान पर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद साथी खिलाड़ियों और दर्शकों ने मैदान में दौड़कर उन्हें होश में लाने का प्रयास किया। इसके बाद पीड़ित खिलाड़ी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। स्थानीय पुलिस ने आधिकारिक तौर पर मौत की पुष्टि की।

पुलिस ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से 12 अन्य लोग भी बुरी तरह झुलस गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की सूची में 22 वर्षीय मलेशियाई फुटबॉलर अलिफ एज़हान ज़ुलकिफली भी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।

24 वर्षीय मृतक फुटबॉलर सफवान अवे ने हाल ही में थाई लीग 3 साउदर्न रीजन के फुटबॉल क्लब एफसी याला के साथ अनुबंध किया था। युवा खिलाड़ी के अचानक निधन से क्लब प्रबंधन स्तब्ध है। क्लब ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक संदेश पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी।

क्लब ने आधिकारिक बयान में लिखा कि बेशक, हम अल्लाह के ही हैं और हमें उसी की ओर लौटकर जाना है। युवा खिलाड़ी की अचानक हुई मौत के बाद से पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशंसक और खिलाड़ी इस घटना पर गहरा दुख जता रहे हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News