Vancouver News: कनाडाई-सिख बिजनेसमैन रिपुदमन सिंह मलिक की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहे 25 वर्षीय टैनर फॉक्स को बड़ा झटका लगा है। ब्रिटिश कोलंबिया की सुप्रीम कोर्ट ने उसे एबॉट्सफोर्ड में हुए एक अन्य हत्याकांड के मामले में 15 साल जेल की अतिरिक्त सजा सुनाई है।
अदालत ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया कि इस नई सजा में फॉक्स को पहले से हिरासत में बिताए गए समय का कोई कस्टडी क्रेडिट नहीं दिया जाएगा। 21 मार्च 2022 को एबॉट्सफोर्ड के एक घर में घुसकर उसने 41 वर्षीय निहत्थे शख्स चैड कोलिवास की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घर में घुसकर निहत्थे नागरिक की गोली मारकर हत्या
घटना की रात पुलिस जब लैटिमर स्ट्रीट स्थित मकान पर पहुंची, तो वहां चैड कोलिवास गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मिले। पैरामेडिक्स के बचाने के प्रयासों के बावजूद उनकी मौत हो गई। जांच एजेंसियों ने साफ किया कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी नहीं थी, बल्कि घर में घुसने पर विरोध करने पर हुई थी।
इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम ने एबॉट्सफोर्ड पुलिस के साथ मिलकर जांच आगे बढ़ाई। हत्याकांड के 14 महीने बाद 26 मई 2023 को जांचकर्ताओं ने टैनर फॉक्स और उसकी महिला साथी लेटिटिया एसेरा को गिरफ्तार किया था। फॉक्स पर मर्डर और एसेरा पर गैर-इरादतन हत्या के आरोप तय किए गए थे।
महिला साथी को 4 साल की सजा और फॉक्स का जुर्म कबूलना
मामले में सुनवाई के दौरान एसेरा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे 4 साल की जेल और 2 साल प्रोबेशन की सजा सुनाई गई। वहीं 25 साल के टैनर फॉक्स ने भी हथियार से गैर-इरादतन हत्या के जुर्म को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद अदालत ने सजा का ऐलान किया।
कोर्ट ने फॉक्स पर जिंदगी भर हथियार रखने पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही डीएनए ऑर्डर भी जारी किया है। आईएचआईटी की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा कि यह एक बेमतलब की हिंसा थी जिसमें एक मासूम ने जान गंवाई। कोर्ट का यह फैसला पीड़ित परिवार को न्याय की दिशा में राहत देगा।