World News: अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सेना के उस जवान को सैन्य पदक से सम्मानित किया है, जिसने वेटरन्स डे के मौके पर स्मारक स्थल पर शांति बनाए रखने के लिए उन्हें और उनके सहयोगियों को टोका था। पेंटागन में आयोजित एक कार्यक्रम में स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को यह सम्मान दिया गया।
पेंटागन के अनुसार, गुरुवार को पीट हेगसेथ ने ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ स्मारक की सुरक्षा में तैनात आर्मी यूनिट के सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को ‘जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल’ प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें 11 नवंबर, 2026 को अर्लिंग्टन नेशनल सिमेट्री स्थित स्मारक पर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने के लिए दिया गया है।
सोशल मीडिया पर साझा कीं तस्वीरें
रक्षा सचिव हेगसेथ ने इस सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। एक तस्वीर में वे इग्लेसियस को मेडल लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम नियमों और अनुशासन को महत्व देते हैं। बहुत बढ़िया, स्पेशलिस्ट।”
क्या था पूरा मामला?
यह मामला बुधवार को सामने आए एक वीडियो के बाद चर्चा में आया था। वीडियो में वेटरन्स डे समारोह के बाद स्पेशलिस्ट इग्लेसियस स्मारक स्थल पर पीट हेगसेथ, उनकी पत्नी जेनिफर और कई वरिष्ठ सहयोगियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते दिखे थे। इस समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे।
समारोह के बाद हेगसेथ और उनके सहयोगियों ने स्मारक के सामने खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवाई थीं। इस दौरान उनके आपस में बातचीत करने और हंसने की आवाजें आ रही थीं। स्मारक की मर्यादा भंग होते देख ड्यूटी पर तैनात इग्लेसियस ने हस्तक्षेप करते हुए कहा था, “सभी आगंतुकों से अनुरोध है कि वे हमेशा शांति बनाए रखें और सम्मानजनक व्यवहार करें।”
पेंटागन ने किया जवान का बचाव
वीडियो वायरल होने के बाद पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सैनिक के कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इग्लेसियस ने सभी को सही तरीके से और सम्मान के साथ स्मारक की मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई थी। उल्लेखनीय है कि ‘जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल’ अमेरिकी सेना के प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है और यह सामान्यतः जूनियर रैंक के सैनिकों को नहीं दिया जाता है।