New Delhi News: अपने गंभीर आंतरिक संकटों और बुनियादी जरूरतों की किल्लत से जूझ रहा पाकिस्तान भारत के खिलाफ नई साजिश रचने में जुटा है। गुजरात से सटी सर क्रीक सीमा पर पाकिस्तान ने चीन और तुर्की की मदद से सैन्य बिसात बिछानी शुरू कर दी है।
‘अबाबील- द डिवाइन स्ट्राइक’ के तहत तैनात किए कमांडो
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने इस संवेदनशील दलदली इलाके में ‘अबाबील- द डिवाइन स्ट्राइक’ नामक नया ऑपरेशन शुरू किया है। इसका मकसद गुजरात और अरब सागर क्षेत्र में भारत की तटीय सुरक्षा और भारतीय नौसेना की मजबूत पकड़ को सीधी चुनौती देना है।
पाक नौसेना ने सर क्रीक में अपने स्पेशल सर्विस ग्रुप के कमांडो तैनात किए हैं। ये नौसैनिक तीनों मोर्चों पर हमला करने में सक्षम हैं। इसके साथ ही सीमा पर निगरानी रखने और हमले के लिए तुर्की के अत्याधुनिक ड्रोन तैनात किए गए हैं।
चीन दे रहा होवरक्राफ्ट और स्टील्थ पनडुब्बी की मदद
दलदली क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के लिए चीन ने पाकिस्तान को विशेष होवरक्राफ्ट और मरीन असॉल्ट क्राफ्ट मुहैया कराए हैं। इसके अलावा चीन ने अपनी पहली हैंगोर-क्लास स्टील्थ पनडुब्बी भी पाक नौसेना को सौंपी है, जिससे अरब सागर में उसकी मारक क्षमता में इजाफा हुआ है।
पाकिस्तान ने सर क्रीक और ‘हरामी नाला’ से लगे इलाकों में कई नई मरीन सिक्योरिटी पोस्ट बनाई हैं। चीन और तुर्की के सहयोग से वह अरब सागर, फारस की खाड़ी और हिंद महासागर में अपनी सीधी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
भारतीय सशस्त्र बल किसी भी हिमाकत का जवाब देने को तैयार
पाकिस्तान की इन तमाम चालों के बावजूद भारतीय सशस्त्र बल हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं। बीते साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान की नापाक हरकतों का कड़ा और मुंहतोड़ जवाब दिया था।