Peshawar News: उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं दूसरी वारदात में हमलावरों ने एक अन्य कांस्टेबल का अपहरण कर लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इन दोनों वारदातों की पुष्टि की है।
बन्नू में ड्यूटी पर जाते समय सिपाही को मारी गोली
पहली घटना बन्नू जिले की है, जहां विशेष शाखा में तैनात कांस्टेबल नूर आलम ड्यूटी पर जा रहे थे। बन्नू-मिरानशाह रोड पर मासूमाबाद के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। नूर आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देकर आरोपी तुरंत फरार हो गए।
टांक जिले से छुट्टी पर आए जवान का अपहरण
दूसरी घटना टांक जिले में हुई, जहां शहीद मुरीद अकबर थाने के वायरलेस ऑपरेटर इरफानउल्लाह का उनके गांव से अपहरण कर लिया गया। कांस्टेबल इरफानउल्लाह उस समय अपने घर पर छुट्टी बिता रहे थे। जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर अपहृत सिपाही की तलाश की जा रही है।