Islamabad News: भारत में नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सफल आंदोलन के बाद पाकिस्तान में भी डर का माहौल है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अपने देश में युवाओं और आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि अगर युवा एकजुट हुए तो वे पूरा सिस्टम पलट देंगे।
एक कार्यक्रम के दौरान मोहसिन नकवी ने खुले तौर पर स्वीकार किया कि पाकिस्तान का सिस्टम पूरी तरह ढह चुका है। उन्होंने कहा कि देश भारी कर्ज में डूबा है और सरकार के पास इसे चुकाने की कोई स्पष्ट योजना नहीं है। नकवी ने युवाओं के असंतोष को रेखांकित करते हुए सरकार की नाकामियों को उजागर किया।
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से बढ़ी महंगाई, बदहाल हुई अर्थव्यवस्था
पाकिस्तान पहले से ही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ईरान-अमेरिका तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से देश में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे देश भर में महंगाई तेजी से बढ़ी है, जिससे युवाओं और आम जनता में सरकार के खिलाफ गुस्सा गहराता जा रहा है।
नकवी ने कहा कि सरकार युवाओं को वह अवसर और जगह नहीं दे पा रही है जिसकी उन्हें जरूरत है। उन्होंने कहा कि आप उन्हें युवा कहें या कॉकरोच, लेकिन अगर ये एक साथ आ गए तो सत्ता और स्थिति दोनों को बदल देंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 70 सालों से हम सिर्फ इस टूटे हुए सिस्टम को घसीट रहे हैं।
भारत में सीजेआई की टिप्पणी के बाद बनी थी कॉकरोच जनता पार्टी
भारत में सीजेआई सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद अभिजीत दीपके ने कॉकरोच जनता पार्टी का गठन किया था। देखते ही देखते लाखों युवा इस मुहिम से जुड़ गए। जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चले इस आंदोलन के बाद तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
भारत में युवाओं के इस सफल प्रदर्शन और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रभाव को देखते हुए ही पाकिस्तानी नेतृत्व अपने देश के युवाओं के आक्रोश से डर रहा है। मोहसिन नकवी का यह बयान वहां के टीवी चैनलों पर प्रसारित होने के बाद से काफी चर्चा में बना हुआ है।