World News: हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ने का सपना देखने वाली पाकिस्तान की 20 वर्षीय फिजिक्स गोल्ड मेडलिस्ट लाइबा इजाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। लाइबा 9 अक्टूबर को इस्लामाबाद में मृत मिलीं। परिजनों का आरोप है कि एक एजुकेशन कंसल्टेंट ने दाखिले और अमेरिकी वीजा के नाम पर उनसे 93 लाख पाकिस्तानी रुपये ठग लिए।
बेटी के दाखिले के लिए बेची थी जमीन
लाइबा के परिजनों ने बताया कि बेटी की विदेश में उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जीवनभर की जमा-पूंजी लगा दी थी। दूध का काम करने वाले पिता ने घर बनाने के लिए रखी जमीन बेच दी, जबकि मां ने अपने गहने गिरवी रख दिए। परिवार को भरोसा दिया गया था कि प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में स्कॉलरशिप और एडमिशन आसानी से मिल जाएगा।
एफआईए ने आरोपी कंसल्टेंट को किया गिरफ्तार
पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने धोखाधड़ी के आरोप में एक एजुकेशन कंसल्टेंट को अरेस्ट कर लिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस गंभीर मामले की जांच के कड़े निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि हार्वर्ड की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई एडमिशन लेटर भेजा गया था या नहीं।
जांच एजेंसी अब यह पड़ताल कर रही है कि कुल कितनी रकम का लेन-देन हुआ और छात्रों को झांसा देने में कौन-कौन शामिल था। विशेषज्ञों का कहना है कि विदेश में दाखिला और स्कॉलरशिप दिलाने का दावा करने वाले एजेंट्स से सावधान रहना चाहिए। किसी भी संस्थान में एडमिशन की पुष्टि हमेशा आधिकारिक पोर्टल से ही की जानी चाहिए।
