Washington News: अमेरिका के ओकलाहोमा राज्य में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 34 वर्षीय महिला को अपनी 11 साल की बेटी के यौन शोषण में सहयोग करने और अपराध छिपाने का दोषी ठहराया गया है।
घर पर प्रसव और मुख्य आरोपी को 42 साल की सजा
अभियोजन पक्ष के अनुसार महिला ने अपनी मासूम बेटी को पति के अत्याचार से नहीं बचाया। बालिका के गर्भवती होने के बाद बिना किसी मेडिकल हेल्प के घर में ही उसका प्रसव कराया गया। मुख्य आरोपी 35 वर्षीय डस्टिन जोएल वॉकर ने अपने जुर्म स्वीकार कर लिए हैं।
अदालत ने आरोपी पिता को 42 वर्ष की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उसे सेक्स ऑफेंडर भी घोषित किया गया है। अधिकारियों को जब 11 साल की बच्ची द्वारा घर में बच्चे को जन्म देने की जानकारी मिली, तब इस पूरी खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ।
डीएनए टेस्ट में पिता का खुलासा और बदहाल घर
जांच के दौरान सामने आया कि गर्भावस्था में पीड़ित बच्ची को कभी डॉक्टर के पास नहीं ले जाया गया था। डीएनए जांच में पुष्टि हुई कि नवजात का जैविक पिता पीड़िता का अपना पिता ही था। आरोपी बच्ची का करीब एक साल से उत्पीड़न कर रहे थे।
अपराध छिपाने के लिए परिजनों ने बच्ची को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। जांच में पता चला कि छह बच्चों का यह परिवार बेहद गंदे माहौल में रह रहा था। घर में पिछले दो-तीन सालों से पानी का नल तक चालू नहीं था। फिलहाल सभी बच्चों को सरकारी संरक्षण में भेज दिया गया है।