एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग की बढ़ी मुश्किलें, सहकर्मी के साथ संबंधों पर नई रिपोर्ट के बाद बोर्ड की बैठक की तैयारी

Share

- Advertisement -

World News: चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग अपने निजी संबंधों को लेकर नई जांच के घेरे में आ गए हैं। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनका कंपनी की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ विवाहेतर संबंध था। इस खुलासे के बाद कंपनी के बोर्ड द्वारा हुआंग के भविष्य पर फैसला लेने के लिए बैठक करने की खबर सामने आई है।

प्रमुख अमेरिकी अखबार ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग का कंपनी की 48 वर्षीय हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ विवाहेतर संबंध था। पॉवेल कंपनी में सीधे हुआंग के अधीन काम करती हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पहले से शादीशुदा हैं।

सैन होजे सम्मेलन के दौरान होटल की घटना का दावा

रिपोर्ट में बताया गया है कि मार्च में सैन होजे में आयोजित एनवीडिया के वार्षिक डेवलपर सम्मेलन (जीटीसी) के दौरान हुआंग और पॉवेल को पास के एक होटल में एक-दूसरे के साथ अंतरंग अवस्था में देखा गया था। इस सम्मेलन में पॉवेल ने स्वास्थ्य सेवा और जीव विज्ञान के क्षेत्र में एआई के उपयोग पर अपनी प्रस्तुति दी थी, जिसमें उन्होंने हुआंग के कार्टून चित्रों का भी इस्तेमाल किया था।

घटना की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने अखबार को बताया कि होटल में हुई इस घटना को वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। आरोप है कि बाद में हुआंग की सुरक्षा टीम ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और उससे एक नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (गोपनीयता समझौते) पर हस्ताक्षर करवाए।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल?

एनवीडिया की आधिकारिक वेबसाइट और उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, किम्बर्ली पॉवेल वर्ष 2008 में एनवीडिया से जुड़ी थीं। शुरुआत में उन्हें मेडिकल इमेजिंग उपकरणों के लिए कंपनी के जीपीयू को एक एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

कंपनी में उन्होंने लगातार पदोन्नति हासिल की। वर्ष 2016 में उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बिजनेस डेवलपमेंट का सीनियर डायरेक्टर बनाया गया और 2017 के अंत तक उन्हें हेल्थकेयर विभाग का वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया। वर्तमान में वे कंपनी के वैश्विक हेल्थकेयर कारोबार, एआई, विजुअलाइजेशन और ड्रग डिस्कवरी से जुड़े प्लेटफॉर्म की देखरेख करती हैं। इससे पहले वे एनवीडिया एआई लैब्स और एनवीडिया इनसेप्शन प्रोग्राम का भी नेतृत्व कर चुकी हैं। एनवीडिया से पहले उन्होंने डोम इमेजिंग सिस्टम्स में हार्डवेयर इंजीनियर और प्लानर सिस्टम्स इंक की मेडिकल बिजनेस यूनिट में पांच साल से अधिक समय तक काम किया था।

पहले भी सामने आ चुका है एक अन्य मामला

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ दिन पहले ही हुआंग ने सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ की सीनियर एग्जीक्यूटिव ऐलिस हुआंग के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया था। ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों को 2024 और 2025 में ताइपे में एक साथ देखा गया था और उनकी तस्वीरें भी सामने आई थीं।

खबरों के अनुसार, अमेरिकी खुफिया विभाग के एक मेमो में यह आरोप भी लगाया गया था कि ऐलिस हुआंग चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी की एजेंट थीं। इसके बाद रविवार को एनवीडिया के सीईओ ने कंपनी के कर्मचारियों को एक नोट भेजकर अपने रिश्ते की बात कबूली थी और लिखा था कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है।

बोर्ड की बैठक की तैयारी

अब दूसरे मामले की रिपोर्ट सामने आने के बाद जेन्सेन हुआंग की पद पर बने रहने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि एनवीडिया का निदेशक मंडल हुआंग को पद से हटाने की तैयारी कर रहा है और उनके भविष्य पर अंतिम फैसला लेने के लिए बुधवार तक बैठक करने वाला था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News