Space News: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के ऐतिहासिक यान वॉयेजर-1 ने 18 नवंबर 2026 को अंतरिक्ष में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। करीब 49 साल पहले लॉन्च हुआ यह यान धरती से ‘एक लाइट-डे’ की दूरी तक पहुंचने वाली पहली मानव निर्मित मशीन बन गया है, जहां से प्रकाश को भी पृथ्वी तक आने में 24 घंटे लगते हैं।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के ऐतिहासिक अंतरिक्ष यान वॉयेजर-1 ने 18 नवंबर 2026 को अंतरिक्ष अन्वेषण के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। करीब पांच दशक पहले पृथ्वी से रवाना हुआ यह यान अब ब्रह्मांड के उस हिस्से में पहुंच गया है, जहां तक इंसान की बनाई कोई भी मशीन पहले कभी नहीं पहुंची थी। यह यान अब धरती से इतनी दूर है कि प्रकाश को भी वहां से पृथ्वी तक पहुंचने में पूरे 24 घंटे का समय लगेगा।
क्या होती है ‘एक लाइट-डे’ की दूरी?
विज्ञान की भाषा में इस दूरी को ‘एक लाइट-डे’ कहा जाता है। प्रकाश एक सेकंड में करीब 3 लाख किलोमीटर की गति से यात्रा करता है। इसी रफ्तार से प्रकाश पूरे 24 घंटे यानी एक दिन में जितनी दूरी तय करता है, उसे एक लाइट-डे कहते हैं। वॉयेजर-1 ने अब इस ऐतिहासिक दूरी को पार कर लिया है।
49 साल बाद भी काम कर रहा 1970 के दशक का यान
अंतरिक्ष प्रेमियों और सोशल मीडिया पर अक्सर इस यान के इतनी दूर तक सुरक्षित पहुंचने को लेकर कई तरह की चर्चाएं और एलियन कनेक्शन जैसी बातें होती हैं, लेकिन वैज्ञानिक इसे पूरी तरह इंजीनियरिंग की सफलता मानते हैं। साल 1977 में जब इसे भेजा गया था, तब यह अनुमान नहीं था कि यह यान करीब 49 साल बाद भी सक्रिय रहेगा और धरती पर डेटा भेजता रहेगा।
कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Caltech) के वैज्ञानिक एलन कमिंग्स, जो 1973 से इस मिशन से जुड़े हैं, उनके अनुसार इतनी अधिक दूरी पर इस यान का काम करते रहना और इससे संपर्क बने रहना इंजीनियरिंग का बड़ा चमत्कार है।
साथ लेकर गया है धरती का ‘गोल्डन रिकॉर्ड’
नासा ने वॉयेजर-1 और इसके जुड़वां यान वॉयेजर-2 को ब्रह्मांड में संभावित परग्रही सभ्यताओं तक इंसानियत का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से भी तैयार किया था। दोनों यान अपने साथ एक विशेष संदेश लेकर अंतरिक्ष की यात्रा पर निकले हैं, जिसे ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ कहा जाता है।
1977 में हुई थी ऐतिहासिक सफर की शुरुआत
इस मिशन की शुरुआत साल 1977 में हुई थी। नासा ने पहले 20 अगस्त 1977 को वॉयेजर-2 को लॉन्च किया और इसके 16 दिन बाद 5 सितंबर 1977 को फ्लोरिडा से वॉयेजर-1 ने उड़ान भरी। बाद में लॉन्च होने के बावजूद तेज मार्ग के कारण वॉयेजर-1 ने कुछ ही महीनों में वॉयेजर-2 को पीछे छोड़ दिया।
शुरुआती चरण में इस यान का मुख्य कार्य बृहस्पति (जुपिटर) और शनि (सैटर्न) ग्रहों का अध्ययन करना था। इसने बृहस्पति के चारों ओर पतले छल्ले और दो नए चंद्रमा थेबे तथा मेटिस की खोज की। इसके अलावा शनि के पांच नए चंद्रमा और ‘जी-रिंग’ का भी पता लगाया। साल 2012 में यह सूर्य के सुरक्षा कवच ‘हेलियोस्फीयर’ को पार कर ‘इंटरस्टेलर स्पेस’ (तारों के बीच का क्षेत्र) में प्रवेश करने वाला पहला यान बना था। वहां इसने कम ऊर्जा वाली उन गैलेक्टिक कॉस्मिक किरणों का पता लगाया, जिन्हें सौर हवाएं धरती के पास नहीं आने देतीं।
आगे क्या होगा यान का सफर?
एक लाइट-डे की दूरी पार करने के बावजूद ब्रह्मांड की विशालता की तुलना में यह अभी एक शुरुआती कदम ही है। हमारे सौरमंडल के सबसे नजदीकी तारे ‘अल्फा सेंटॉरी’ तक पहुंचने में प्रकाश को भी 4.24 लाइट-ईयर यानी चार साल से अधिक का समय लगता है। वहीं, साल 2018 में इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचे इसके जुड़वां यान वॉयेजर-2 को एक लाइट-डे की इस दूरी तक पहुंचने में अभी 9 साल और लगेंगे, जो नवंबर 2035 तक संभावित है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले कुछ वर्षों में वॉयेजर-1 की बैटरी धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी और धरती से इसका संपर्क हमेशा के लिए टूट जाएगा। हालांकि, संपर्क टूटने के बाद भी यह यान रुकेगा नहीं, बल्कि पृथ्वी का संदेश और गोल्डन रिकॉर्ड लिए अनंत काल तक अंतरिक्ष की गहराइयों में आगे बढ़ता रहेगा।