Moscow News: रूस की राजधानी मॉस्को के प्रतिष्ठित बाल्जी रोसी रेस्तरां में शनिवार को एक भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
रूसी टेलीग्राम चैनलों के अनुसार, धमाके के समय रेस्तरां में एक प्राइवेट वेडिंग फंक्शन चल रहा था। इस कार्यक्रम में रूस के कई सीनियर मिलिट्री ऑफिसर्स शामिल थे। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज के कमांडर-इन-चीफ जनरल अलेक्जेंडर चाइको भी मौजूद थे। हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
महिला हमलावर और सिक्योरिटी गार्ड की मौके पर मौत
प्रारंभिक मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एक महिला विस्फोटक लेकर रेस्तरां के अंदर घुसने का प्रयास कर रही थी। वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोका, जिसके बाद अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कथित महिला हमलावर, एक सिक्योरिटी गार्ड और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
गैस रिसाव और आतंकी हमले के एंगल से जांच जारी
वहीं कुछ प्रो-क्रेमलिन टेलीग्राम चैनलों का दावा है कि यह हादसा किसी हमले के कारण नहीं, बल्कि गैस रिसाव की वजह से हुआ। फिलहाल विस्फोट के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं। यदि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी की पुष्टि होती है, तो यह सुरक्षा चूक होगी।