Lahore News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने सुरक्षा व्यवस्था पर हैरान करने वाला बयान दिया है। उन्होंने शनिवार को स्वीकार किया कि पंजाब को भारत और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी मुल्कों की तुलना में अपने ही पड़ोसी प्रांतों से अधिक सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।
लाहौर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खैबर पख्तूनख्वा की ओर सीधा इशारा किया। उन्होंने चिंता जताई कि पंजाब में आतंकवाद की घुसपैठ पड़ोसी सूबों की सीमाओं के जरिए हो रही है। 13 करोड़ आबादी वाला उनका प्रांत बाहरी मुल्कों से कम और आंतरिक सीमाओं से ज्यादा खतरे में है।
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान से आतंकवाद के प्रसार का दावा
मरियम नवाज ने कहा कि पड़ोसी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा से आतंकवाद पंजाब की सीमा में दाखिल होता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर का शुक्र है कि पंजाब फिलहाल सुरक्षित है। हालांकि, प्रशासन को जिन बड़ी सुरक्षा चुनौतियों और खतरों से निपटना पड़ रहा है, वे सभी पड़ोसी सूबों की वजह से पैदा हो रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। पंजाब से सटी सीमाओं वाले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांत इन दिनों गंभीर हिंसा की चपेट में हैं। प्रांतीय सरकार का दावा है कि इन अशांत इलाकों की अस्थिरता अब पंजाब की आंतरिक सुरक्षा के लिए सीधी चुनौती बन रही है।
पीटीआई नेता असद कैसर ने बयान को बताया अपमानजनक
मुख्यमंत्री के इस बयान पर खैबर पख्तूनख्वा की सत्ताधारी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने कड़ी आपत्ति जताई है। वरिष्ठ पीटीआई नेता असद कैसर ने इस बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने मरियम नवाज की इस टिप्पणी को पूरे सूबे के लोगों के लिए अत्यंत अपमानजनक और विभाजनकारी करार दिया है।