Karachi News: पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सिंध की राजधानी कराची में जमकर हवाई फायरिंग हुई। 14 अगस्त के जश्न के दौरान हुई इस अंधाधुंध गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 94 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में 10 महिलाएं और 17 बच्चे भी शामिल हैं।
एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने शुक्रवार सुबह इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि की है। गोलीबारी में घायल सभी लोगों को इलाज के लिए जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर, सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और अब्बासी शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात भर अस्पतालों में घायलों को लाने का सिलसिला जारी रहा।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब्बासी शहीद अस्पताल में 24 मरीज पहुंचे, जिनमें एक महिला और चार बच्चे शामिल हैं। जिन्ना अस्पताल में 35 लोगों का इलाज किया जा रहा है, जिसमें चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 26 घायलों का उपचार चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि लियारी, सदर, कोरंगी, मालिर, अजीजाबाद, नॉर्थ नाजिमाबाद, नाजिमाबाद, गुलबहार, ओरंगी टाउन और डिफेंस कालोनी जैसे इलाकों में हवा में फायरिंग की घटनाएं हुईं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से 30 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से हथियार भी जब्त किए हैं।
अब्बासी शहीद अस्पताल में दम तोड़ने वाली महिला को गोली मारने के आरोप में पुलिस ने उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। कराची में स्वतंत्रता दिवस पर हवाई फायरिंग का इतिहास रहा है। इससे पहले 2025 में ऐसी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2024 में करीब 95 लोग घायल हुए थे।
घड़ी में रात के 12 बजते ही कराची के लोग आजादी की सालगिरह मनाने के लिए छतों और सड़कों पर उतर आए थे। इसी दौरान लोगों ने बिना सोचे-समझे जमकर गोलीबारी की। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित किया और देशवासियों को बधाई दी।
समारोह में शहबाज शरीफ ने कहा कि पूरा देश अपने संस्थापकों के बलिदानों को याद कर रहा है। उन्होंने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के लिए पानी की एक-एक बूंद बेहद संवेदनशील मुद्दा है। अगर भारत ने पानी रोका तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा। उन्होंने युवाओं के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया।