अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन के बाद जेन्सन हुआंग फिर बने NVIDIA के CEO

Share

- Advertisement -

Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन के करीब 70 घंटे के भीतर चिप निर्माता कंपनी NVIDIA ने जेन्सन हुआंग को दोबारा प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त कर दिया है। कंपनी ने 23 नवंबर को इसकी घोषणा की। हुआंग ने 12 नवंबर को व्यक्तिगत विवादों के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया था।

प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप निर्माता कंपनी NVIDIA के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) ने जेन्सन हुआंग को फिर से कंपनी का प्रेसिडेंट, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त करने का फैसला किया है। कंपनी ने 23 नवंबर को इस निर्णय की आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले 20 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग को दोबारा CEO बनाने का समर्थन किया था, जिसके करीब 70 घंटे के भीतर यह फैसला लिया गया।

जेन्सन हुआंग ने 12 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वापसी की घोषणा के बाद उन्होंने कहा, “काम पर लौटने के लिए बेताब हूं।”

राष्ट्रपति ट्रंप ने फैसले का किया स्वागत

डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया बोर्ड के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह बिल्कुल सही फैसला है और अमेरिका की अर्थव्यवस्था की सफलता तथा समृद्धि के लिए NVIDIA में जेन्सन हुआंग का नेतृत्व बेहद आवश्यक है। उन्होंने हुआंग को देशभक्त और अमेरिका की राष्ट्रीय संपत्ति बताया।

ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे यह माना जाए कि हुआंग की CEO पद पर वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा है। उन्होंने यह भी बताया कि अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि सरकार के पास हुआंग के किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल होने का कोई प्रमाण नहीं है। हालांकि, ट्रंप ने NVIDIA से अमेरिकी निर्यात नियंत्रण (एक्सपोर्ट कंट्रोल) नियमों के पालन को लेकर आंतरिक जांच जारी रखने को कहा है।

इससे पहले 20 नवंबर को व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा था कि वे हुआंग को दोबारा NVIDIA के CEO पद पर देखना चाहते हैं। उन्होंने हुआंग को दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों में से एक बताते हुए ‘ब्लैकवेल’ (Blackwell) जैसी चिप के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की थी।

इस्तीफे के पीछे क्या था विवाद?

जेन्सन हुआंग ने 12 नवंबर को अचानक CEO पद छोड़ दिया था, जिसके बाद कंपनी ने चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया था। हुआंग के एक चीनी मूल की महिला के साथ संबंधों की बात सामने आई थी, जिसे उन्होंने स्वयं स्वीकार किया था। इस मामले में महिला के कथित तौर पर चीन की जासूस होने के दावे भी किए गए, हालांकि इन आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है और जांच जारी है।

हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी के कर्मचारियों, निवेशकों और तकनीक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने उनकी वापसी की मांग उठाई थी। इसके लिए ‘स्टैंड विद जेन्सन’ नाम से एक ऑनलाइन अभियान भी चलाया गया। हालांकि, 17 नवंबर को NVIDIA के बोर्ड चेयरमैन हार्वे जोन्स ने कहा था कि बोर्ड ने हुआंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उन्हें दोबारा CEO बनाने की कोई योजना नहीं है।

सर्वसम्मति से वापसी, लेकिन जारी रहेगी जांच

NVIDIA के निदेशक मंडल ने जेन्सन हुआंग के साथ कई दौर की बैठकों और चर्चा के बाद उनकी वापसी पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई है। कंपनी का कहना है कि उसे हुआंग के नेतृत्व और उनके द्वारा दी गई जानकारी पर भरोसा है। इस निर्णय से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद बोर्ड ने स्पष्ट किया कि उनकी वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

CEO पद पर वापसी के बावजूद इस मामले से जुड़ी जांच प्रक्रिया जारी रहेगी। कंपनी के बोर्ड ने विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े आरोपों की जांच पूरी करने के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति गठित की है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य देशों को चिप बेचने से संबंधित नियमों की निगरानी के लिए एक अलग समिति बनाई गई है। कंपनी नियमों के सख्त पालन की निगरानी के लिए एक चीफ कंप्लायंस ऑफिसर की नियुक्ति भी करेगी।

Read more

Related News