Ranchi News: झारखंड में इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। रांची समेत पूरे राज्य में सुबह और रात में ठंड तेजी से बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अकवान तूफान का प्रभाव समाप्त हो चुका है, बादल छंट रहे हैं और पश्चिम तथा उत्तर की हवा आने से पारा नीचे जाएगा।
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राजधानी रांची समेत झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में अब सुबह में ठंड तेजी से बढ़ने की संभावना है। हालांकि ठंड का असर रात के समय अधिक महसूस होने के आसार हैं। रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अकवान तूफान का प्रभाव समाप्त हो चुका है। आसमान से बादल छंट रहे हैं। पश्चिम और उत्तर की हवा आने से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होने के आसार हैं, जिससे रात के दौरान ठंड बढ़ेगी।
झारखंड मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत पूरे राज्य में रात के न्यूनतम तापमान में इस सप्ताह छह से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि दिन के दौरान अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से राजधानी समेत राज्य के विभिन्न जिलों में कोहरा छाया रहेगा, लेकिन धूप खिलते ही आसमान साफ हो जाएगा।
पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी सिंहभूम के कुछेक स्थान और सिमडेगा में हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है।
गत सप्ताह पारा आठ डिग्री बढ़ा था
गत सप्ताह न्यूनतम तापमान में काफी बदलाव आया। गत सात दिनों की बात करें तो न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन अब बादल छंटने के साथ मौजूदा सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री तक की कमी आएगी।
अभी झारखंड में अधिकतम तापमान 25 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान 8 से 11 के बीच रह सकता है। इससे रात के दौरान घर से बाहर रहने पर अधिक ठंड का अनुभव हो सकता है। सुबह में भी इसका एहसास होगा।
राज्यपाल का धनबाद दौरा रद्द
खराब दृश्यता से राज्यपाल का धनबाद दौरा रद्द हो गया। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का मंगलवार को धनबाद दौरा अचानक रद्द हो गया। धनबाद में खराब दृश्यता के चलते एटीसी की ओर से उनके हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा के डायरेक्टर विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि खराब दृश्यता के कारण ही हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। ऐसे में उनका हेलीकॉप्टर रांची से धनबाद के लिए उड़ान नहीं भर सका। जानकारी के मुताबिक राज्यपाल को धनबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होना था। उनके आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें रांची से हवाई मार्ग से यात्रा करके धनबाद के बरवाड्डा हवाई टर्मिनल पर उतरना था।