World News: इजरायल में सत्ता परिवर्तन की कवायद तेज होने के बीच गाजा में हिंसा का दौर जारी है। गुरुवार को दक्षिणी गाजा के खान यूनिस स्थित नासेर अस्पताल पर हुए इजरायली हवाई हमले में एक सर्जन समेत छह लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। दूसरी ओर, इजरायली संसद (नेसेट) में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के भाषण के दौरान उनकी पत्नी सारा और पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट के बीच तीखी कहासुनी देखने को मिली।
इजरायली सेना ने अस्पताल पर किए गए हमले पर सफाई देते हुए कहा है कि परिसर में हमास के एक वरिष्ठ कमांडर के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई और कई आतंकियों को मार गिराया गया। सेना के अनुसार, ये आतंकी अस्पताल में शरण लेकर वहीं से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इजरायली सेना का दावा है कि गाजा के कई अस्पतालों का इस्तेमाल हमास द्वारा कमांड सेंटर के रूप में किया जा रहा है। वहीं, हमास ने अस्पताल पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे युद्ध अपराध करार दिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक साल से गाजा में लागू युद्धविराम के दौरान भी जारी इजरायली हमलों में 1,600 से अधिक फलस्तीनी और चार इजरायली सैनिक मारे जा चुके हैं।
नेसेट में भाषण के दौरान सारा नेतन्याहू और नाफ्ताली बेनेट में तीखी बहस
इजरायल की आंतरिक राजनीति में भी तनाव चरम पर है। संसद (नेसेट) के सत्र के दौरान कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जब अपना संबोधन दे रहे थे, तभी पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट ने बीच में टोकाटाकी शुरू कर दी। बेनेट ने नेतन्याहू से उनके सलाहकारों के कतर से कथित संबंधों पर स्पष्टीकरण मांगा और 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले की निष्पक्ष जांच न कराए जाने को लेकर सवाल उठाए।
इस टोकाटाकी से नाराज होकर दर्शक दीर्घा में बैठीं नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू की बेनेट से तीखी कहासुनी हो गई। इस दौरान सारा ने बेनेट को “बेकार का आदमी” कह दिया और उनके कार्यकाल के फैसलों पर सवाल उठाए। सभागार में हंगामा बढ़ने पर नेतन्याहू ने कुछ मिनट के लिए अपना भाषण रोक दिया और माहौल शांत होने के बाद ही दोबारा बोलना शुरू किया।
ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फोन पर तनातनी की खबरें
27 अक्टूबर को हुए आम चुनाव में बहुमत से दूर रहने के बाद नेतन्याहू की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चुनाव परिणामों के बाद नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात कर ईरान पर तत्काल सैन्य हमला करने का आग्रह किया था। माना जा रहा है कि नेतन्याहू को उम्मीद थी कि इससे देश में राष्ट्रवादी भावना मजबूत होगी और उन्हें अपनी सरकार बचाने में मदद मिलेगी। हालांकि, जब ट्रंप ने तत्काल हमले से इनकार कर दिया, तो दोनों नेताओं के बीच फोन पर तीखे लहजे में बहस होने की खबरें सामने आईं।
हालांकि, मीडिया में इन खबरों के आने के बाद नेतन्याहू के कार्यालय ने किसी भी तरह की तीखी नोकझोंक होने से इनकार किया है। इस बीच, ईरान के संभावित हमले की आशंका को देखते हुए नेतन्याहू सरकार ने इजरायली सेना की तीनों शाखाओं को रक्षा और जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया के तहत अब खुफिया सूचनाओं की जानकारी मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट को भी साझा की जाएगी।