यमन में हूती विद्रोहियों का अदन पर मिसाइल हमला, सऊदी अरब के लिए 14 नवंबर तक भारतीय उड़ानें बंद

Share

- Advertisement -

Aden News: यमन में हूती विद्रोहियों ने अदन स्थित राष्ट्रपति भवन और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। वहीं सऊदी अरब ने मदीना के पास हूती ड्रोन गिराने का दावा किया, जिसे विद्रोहियों ने खारिज कर दिया। पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा तनाव के चलते एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब की उड़ानें 14 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं।

यमन में हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को हमलों की नई लहर शुरू करते हुए दक्षिणी यमन के प्रमुख शहर अदन को निशाना बनाया। यमन की सऊदी अरब समर्थित सरकार के अनुसार, विद्रोहियों ने अदन स्थित राष्ट्रपति भवन परिसर (माशीक पैलेस) और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हमले के तत्काल बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। हालांकि, सरकार ने इन हमलों में हुए जान-माल के नुकसान को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

मदीना के पास ड्रोन गिराने का दावा, हूतियों ने किया इनकार

इस सैन्य घटनाक्रम के बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसने मदीना क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में एक हूती ड्रोन को ट्रैक करके नष्ट कर दिया है। मदीना इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक है, जहां पैगंबर मोहम्मद की मस्जिद यानी मस्जिद-ए-नबवी स्थित है। इससे पहले सऊदी अरब ने मक्का क्षेत्र में भी एक हूती ड्रोन को मार गिराने की सूचना दी थी।

दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के इन सभी दावों को सिरे से खारिज किया है। संगठन ने सार्वजनिक संदेश जारी कर कहा कि उसने शुक्रवार को सऊदी अरब की सीमा में कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की और न ही मक्का या मदीना की ओर कोई ड्रोन भेजा। हूतियों ने सऊदी अरब के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उल्लेखनीय है कि सऊदी गठबंधन पहले भी कई बार पवित्र शहरों की दिशा में आने वाले ड्रोन हमलों को विफल करने की बात कह चुका है, जबकि विद्रोही संगठन हमेशा ऐसे आरोपों से इनकार करता रहा है।

सुरक्षा कारणों से सऊदी अरब के लिए उड़ान सेवाएं स्थगित

मक्का और मदीना मुस्लिम समुदाय के लिए सर्वोच्च धार्मिक आस्था के केंद्र हैं, जहां हर साल दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु हज और उमरा के लिए पहुंचते हैं। क्षेत्र में लगातार गहराते सुरक्षा संकट और हवाई हमलों के खतरे को देखते हुए भारतीय विमानन कंपनियों ने बड़ा कदम उठाया है।

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सभी निर्धारित उड़ानों को 14 नवंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। दोनों एयरलाइंस रियाद, जेद्दा और दम्मम के लिए नियमित यात्री सेवाओं का संचालन करती हैं। एयरलाइंस प्रबंधन के अनुसार, उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का यह फैसला यात्रियों और चालक दल की पूर्ण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन लिया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News