यमन के हूती लड़ाकों का रियाद एयरपोर्ट पर क्रूज मिसाइल हमले का दावा, सऊदी अरब में अलर्ट

Share

- Advertisement -

Riyadh News: यमन के हूती लड़ाकों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यानबू बंदरगाह पर क्रूज मिसाइलों से हमले का दावा किया है। वहीं, सऊदी अरब की सेना ने मिसाइलों को मार गिराने की बात कही है। बढ़ते तनाव को देखते हुए सऊदी प्रशासन ने तैफ, यानबू और खामिस मुशैत में अलर्ट जारी कर दिया है।

सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष और तेज हो गया है। हूती लड़ाकों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर तीन क्रूज मिसाइलें दागी हैं। हालांकि, इस हमले की आधिकारिक पुष्टि और इससे हुए नुकसान का विवरण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

हवाई अड्डे और तेल पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा

हूती प्रवक्ता याह्या सारी के अनुसार, रियाद एयरपोर्ट के अलावा लाल सागर के तट पर स्थित यानबू शहर के बंदरगाह स्थित ऑयल पंपिंग स्टेशन को भी निशाना बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में हुए हूती हमलों के चलते किंग खालिद एयरपोर्ट को कुछ दिनों के लिए बंद करना पड़ा था और हाल ही में इसे सीमित टर्मिनलों के साथ फिर से शुरू किया गया था।

इसके साथ ही हूती प्रवक्ता ने मक्का शहर पर हमले के प्रयास से जुड़े सऊदी अरब के दावों को खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया है।

सऊदी एयर डिफेंस ने मिसाइलों को किया निष्क्रिय, कई शहरों में अलर्ट

सऊदी अरब की सेना ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने लगातार दूसरे दिन हूती की तीन क्रूज मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। मिसाइल हमलों के खतरे को देखते हुए सऊदी प्रशासन ने तैफ, यानबू और खामिस मुशैत क्षेत्रों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है तथा नागरिकों को पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

दो महीने से जारी है भीषण संघर्ष

दोनों पक्षों के बीच दो महीने से अधिक समय से भीषण संघर्ष जारी है। इससे पहले रविवार को हूती लड़ाकों ने रियाद स्थित तेल कंपनी अरामको के बहुमंजिला कॉरपोरेट कार्यालय पर मिसाइल हमला किया था, जिससे इमारत क्षतिग्रस्त हो गई थी। बीते दो महीनों में हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया है, जबकि सऊदी नेतृत्व वाली सेना द्वारा यमन की राजधानी सना सहित कई शहरों पर किए गए हवाई हमलों में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News