World News: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक व्यक्ति की किस्मत रातों-रात बदल गई। उसने एक ही लॉटरी टिकट से 803 मिलियन डॉलर यानी करीब 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मेगा मिलियंस जैकपॉट राशि जीत ली है।
यह लकी ड्रॉ मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया था। फ्लोरिडा लॉटरी अधिकारियों के मुताबिक जीतने वाला यह टिकट ब्रैडेंटन शहर के स्टेट रोड 70 पर स्थित ‘वावा’ कन्वीनिएंस स्टोर से खरीदा गया था।
विजेता के पास रहेंगे भुगतान चुनने के दो विकल्प
विजेता के पास टैक्स कटने से पहले 345.5 मिलियन डॉलर का एकमुश्त भुगतान लेने या फिर पूरी रकम 30 सालाना किस्तों में प्राप्त करने का विकल्प है। फ्लोरिडा में लॉटरी जीत पर कोई राज्य टैक्स लागू नहीं होता है।
फ्लोरिडा लॉटरी के सेक्रेटरी रेजिनाल्ड डिक्सन ने विजेता को इस जीवन बदलने वाले पल की बधाई दी। उन्होंने बताया कि लॉटरी टिकटों की बिक्री से मिलने वाला राजस्व राज्य में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करता है।
2026 का सबसे बड़ा लॉटरी इनाम बना
यह जैकपॉट साल 2026 का सबसे बड़ा लॉटरी इनाम और इतिहास का 10वां सबसे बड़ा मेगा मिलियंस जैकपॉट है। मार्च महीने के मध्य से लगातार 38 ड्रॉ तक कोई विजेता न मिलने के कारण यह राशि बढ़ती गई थी।
विजेता के पास दावे के लिए 180 दिनों का समय है। इसके अलावा वह 90 दिनों तक अपनी पहचान गुप्त रख सकता है। इस महा-जैकेपॉट को जीतने के बाद अगले ड्रॉ की राशि फिर से 50 मिलियन डॉलर हो गई है।