Delhi News: अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल कर लिया है। अमृतपाल पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़कर कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करने का गंभीर आरोप है। वह कनाडा से चलने वाले रविंदर ढांडा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
एफबीआई की जांच के मुताबिक, रविंदर ढांडा का यह गिरोह कनाडा के वैंकूवर शहर से अपना नेटवर्क चलाता था। यह आपराधिक संगठन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के विभिन्न ड्रग गिरोहों को बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था। इस मामले की गहन जांच एफबीआई का लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस कर रहा है।
संघीय अदालत ने जारी किया वारंट और पहचान से जुड़ी जानकारी
मामले में लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत ने 23 जून 2026 को अमृतपाल सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। एजेंसी ने आरोपी की पहचान के लिए साल 2024 की एक तस्वीर भी जारी की है। रिकॉर्ड के अनुसार 7 जनवरी 1996 को जन्मे अमृतपाल की लंबाई 5 फुट 9 इंच और वजन लगभग 61 किलोग्राम है।
अमरीकी जांच एजेंसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत सूचना साझा करें। इससे पहले भी एफबीआई भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल कर चुकी है। वह कई फर्जी नामों से पहचान छिपाकर घूम रहा है और उसकी तलाश जारी है।