चीन ने तैयार किया कुंग फू फाइटर रोबोट, कार उठाकर बचाएगा जान और चाकू के वार को करेगा नाकाम

Share

- Advertisement -

Beijing News: चीन की रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स ने तकनीक की दुनिया में नया प्रयोग करते हुए इंसानी आकार का रोबोट पेश किया है। कंपनी ने एच2-एक्स मॉडल के इस रोबोट का आधिकारिक वीडियो जारी किया है। इसे कुंग फू लीजेंड गार्जियन नाम दिया गया है, जो सुरक्षा और बचाव कार्य में बेहद सक्षम है।

जारी किए गए वीडियो में यह रोबोट व्यक्तिगत सुरक्षा और आपात स्थितियों में जान बचाने के हैरतअंगेज करतब दिखाता है। चाकू लेकर हमला करने आ रहे व्यक्ति को यह रोबोट तुरंत काबू कर लेता है। इसके अलावा अचानक सामने आने वाली तेज रफ्तार कार से पैदल यात्री को सुरक्षित बचाकर बाहर निकालता है।

सड़क हादसे में कार उठाकर जान बचाने की ताकत

इस आधुनिक रोबोट की सबसे बड़ी खूबी आपातकालीन रेस्क्यू ऑपरेशन में नजर आती है। वीडियो में दिखाया गया है कि सड़क हादसे में कार के नीचे फंसे व्यक्ति को बचाने के लिए यह रोबोट पूरी ताकत लगाता है। वह भारी कार को पीछे से हवा में उठा लेता है, जिससे फंसे शख्स को आसानी से निकाल लिया जाता है।

यह रोबोट कलाबाजियां लगाने और स्टंट करने में भी माहिर है। यह जमीन पर लगातार कलाबाजियां खाता है और ऊंचे कंटेनर से छलांग लगाकर बिना गिरे सीधा खड़ा हो जाता है। कंपनी ने इसे एच2 प्लेटफॉर्म पर आधारित कर बनाया है, जिससे इसका संतुलन और गति इंसानों से भी तेज नजर आती है।

शारीरिक बनावट और बाजार में उपलब्धता

इस रोबोट की कुल लंबाई लगभग 1.82 मीटर है, जबकि इसका वजन करीब 70 किलोग्राम दर्ज किया गया है। इसका मानवीय ढांचा इसे भीड़भाड़ और कठिन जगहों पर आसानी से काम करने की अनुमति देता है। आधुनिक सेंसर और मोटर की बदौलत यह किसी भी अप्रत्याशित खतरे को तेजी से भांप लेता है।

कंपनी ने फिलहाल इस सुरक्षा गार्ड रोबोट की आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है। साथ ही इसे आम बाजार या व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए कब उतारा जाएगा, इसकी तारीख भी तय नहीं है। हालांकि इस नए प्रयोग ने दुनियाभर की रोबोटिक्स इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News