Dehradun News: उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को मंजूरी दे चुके हैं। जल्द ही इसका आधिकारिक शुभारंभ कर युवाओं को मुफ्त कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। इसके तहत राज्य के विश्वविद्यालयों और शासकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों के विद्यार्थियों को घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।
योजना के तहत विद्यार्थियों को कई प्रमुख प्रतियोगी, प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। छात्र इसके माध्यम से सिविल सर्विसेज परीक्षा (यूपीएससी/पीएससी), रक्षा सेवाओं की सीडीएस परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे भर्ती और एसएससी परीक्षाओं की नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा छात्रों को कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की तैयारी का अवसर भी मिलेगा। प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली अन्य परीक्षाओं की तैयारी भी योजना के तहत कराई जाएगी।
योजना से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष फायदा मिलेगा। अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। अब ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से छात्र घर या अपने शिक्षण संस्थान से ही बेहतर तैयारी आसानी से कर सकेंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन छात्रों के लिए यह पहल वरदान साबित होगी जो महंगी निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते हैं। मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग के जरिए ऐसे मेधावी छात्र भी व्यवस्थित तरीके से तैयारी करके सरकारी नौकरियों और उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर हासिल कर पाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही योजना के विधिवत शुभारंभ की तारीख का ऐलान करेंगे। तारीख तय होते ही छात्रों को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। सरकार की इस पहल से राज्य के भीतर ही युवाओं को पढ़ाई और तैयारी के बेहतरीन संसाधन प्राप्त होंगे।