Mumbai News: बॉम्बे हाईकोर्ट की सख्ती के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा ने मुंबई के 80 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी के खाते में ब्याज समेत लगभग 1.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं। साल 2023 में बिना बताए उनके फिक्स्ड डिपॉजिट खाते से 1.2 करोड़ रुपये काट लिए गए थे, जिसके खिलाफ वे तीन साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने तीन साल लंबी कानूनी लड़ाई के बाद मुंबई के 80 वर्षीय बुजुर्ग को राहत दी है। बैंक ऑफ बड़ौदा के इस सेवानिवृत्त कर्मचारी के फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खाते से साल 2023 में बैंक ने बिना बताए 1.2 करोड़ रुपये काट लिए थे। दिसंबर 2023 में आरबीआई लोकपाल द्वारा उनकी शिकायत खारिज किए जाने के बाद बुजुर्ग ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अक्टूबर 2026 में वे गंभीर बीमारी के कारण दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रहे। मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ के लगातार आदेशों के बाद 26 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा ने ब्याज समेत करीब 1.5 करोड़ रुपये बुजुर्ग के खाते में जमा कर दिए।
कटी हुई राशि और बैंक की दलील
रिकॉर्ड के अनुसार, याचिकाकर्ता वर्ष 2011 में एक प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज के हकदार थे, लेकिन बैंक ने इससे इनकार किया था। सुनवाई के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा ने 1.2 करोड़ रुपये की कटौती को क्लेरिकल गलती बताया।
हाईकोर्ट ने बैंक की इस दलील को मानने से साफ इनकार कर दिया। पीठ ने कहा कि बैंक का यह बाद का बहाना पहली नजर में स्वीकार करना मुश्किल है कि इतनी बड़ी रकम क्लेरिकल गलती से काटी गई।
वरिष्ठ नागरिकों के प्रति रवैये पर कोर्ट की नाराजगी
सुनवाई के दौरान पीठ ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति बैंकों के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई। न्यायाधीशों ने कहा कि बुजुर्गों को अपनी ही मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। अदालत ने यह टिप्पणी भी की कि अदालतें अंतिम विकल्प होनी चाहिए और यह अपवाद होना चाहिए, नियम नहीं।