Pauri Garhwal News: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में शनिवार को एक वाहन के 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए राहत और बचाव के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार को पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन क्षेत्र स्थित कलवाड़ी गांव के पास हुई, जहां एक मैक्स वाहन 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। लैंसडाउन की उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने बताया कि हादसे के समय वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। घटना में छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हुए हैं।
समूह बैठक से लौट रही थीं महिलाएं
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत ने बताया कि महिलाएं रिखणीखाल से समूह बैठक के बाद अपने गांव लौट रही थीं। उन्होंने कहा कि चालक समेत सभी सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया व निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल मिलने की प्रार्थना की है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने, घायलों को उचित उपचार देने और गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।