मेरठ में कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट: डीएम ने 12 अगस्त तक अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश रद्द किए

Share

- Advertisement -

Meerut News: कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। डीएम ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की 12 अगस्त तक की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि केवल विशेष परिस्थितियों में ही राजपत्रित अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अनुमति से अवकाश ले सकेंगे। वहीं, अन्य कर्मचारियों को भी छुट्टियां लेने से पहले अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मंजूरी लेकर डीएम कार्यालय को सूचित करना होगा।

स्वास्थ्य विभाग की बैठक में कांवड़ यात्रा तैयारियों की समीक्षा

विकास भवन में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।

बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद सहित जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे डॉक्टर, एम्बुलेंस रहेंगी अलर्ट

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। जिले की सभी एम्बुलेंस को पूरी तरह ऑपरेशनल रखने के आदेश दिए गए हैं।

कांवड़ मार्गों पर जगह-जगह चिकित्सा शिविर लगाने के साथ ही सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टरों की नियमित तैनाती रहेगी। कांवड़ियों की सुविधा के लिए मार्ग पर अस्पतालों, शिविरों और एम्बुलेंस के संपर्क नंबरों वाले सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News