बस्ती में फोरलेन बंद होने के बावजूद दर्दनाक हादसे, कांवड़िए सहित तीन लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Share

- Advertisement -

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में फोरलेन बंद होने के आदेश के बावजूद गाड़ियों की आवाजाही जारी रही। देर रात और सुबह हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक कांवड़िए समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा में अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। इसके बावजूद बस्ती जिले में कई हादसे सामने आए हैं। प्रतिबंध के बावजूद फोरलेन पर वाहन दौड़े, जिससे यह जानलेवा घटनाएं घटीं।

पहला हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे जमौलिया गांव के पास हुआ। बस्ती की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने अतरौरा झाम निवासी 55 वर्षीय राम अवतार को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राम अवतार की देर रात अयोध्या मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।

दूसरी घटना विक्रमजोत स्थित अवधेश ढाबे के पास घटी, जहां दवा लेने उतरे कांवड़िए को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। सूचना मिलने पर छावनी पुलिस घायल हरिओम को सीएचसी विक्रमजोत ले गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान लालगंज निवासी हरिओम सोनी के रूप में हुई।

तीसरा हादसा रेड़वल गांव के पास रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। सोनबरसा गांव निवासी 40 वर्षीय राहुल पाठक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस एम्बुलेंस से उन्हें विक्रमजोत अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार अज्ञात वाहनों की पहचान के लिए तलाश अभियान चला रही है। इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News