Kolkata News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा कोलकाता की केयरवेल एविएशन कंपनी को पार्टी फंड से लगभग 160 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाने का खुलासा हुआ है। इस राशि से विमान खरीदकर बाद में टीएमसी को ही लीज पर देने का आरोप सामने आया है।
ब्याज-मुक्त सिक्योरिटी डिपॉजिट और गिफ्ट सिटी में फंड ट्रांसफर
जांच एजेंसी के अनुसार, टीएमसी ने केयरवेल एविएशन को बिना ब्याज के 88.5 करोड़ रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में दिए। कंपनी के पास स्वयं का फंड नहीं था। यह राशि मिलते ही केयरवेल ने इसे गुजरात की गिफ्ट सिटी में पंजीकृत अपनी सहयोगी इकाई को ट्रांसफर कर विमानों की खरीद की।
मामले में केमैन आइलैंड्स से जुड़े 16 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की भी गहन पड़ताल की जा रही है। पार्टी को जेट के 72 महीने और हेलीकॉप्टर के 56 महीने के उपयोग हेतु 186.9 करोड़ रुपये चुकाने थे। जांचकर्ताओं ने इस पूरी व्यवस्था को सोची-समझी कृत्रिम व्यवस्था करार दिया है।
अन्य कंपनियों से चार्टर सेवाओं पर करोड़ों के अतिरिक्त खर्च
दस्तावेजों के मुताबिक न्यूनतम गारंटीड उड़ानों का पूरा इस्तेमाल न होने के बावजूद टीएमसी ने 2021 से 2026 के बीच अन्य कंपनियों से चार्टर विमान लेने में 149 करोड़ रुपये खर्च किए। 14 सितंबर 2021 को स्थापित केयरवेल एविएशन के निदेशक पवन जाजू और रमेश जाजू हैं।