Chennai News: तमिलनाडु सरकार ने महिला सरकारी कर्मचारियों के हित में एक बड़ा नीतिगत फैसला लिया है। राज्य सरकार ने तीसरे बच्चे के जन्म पर मिलने वाले मातृत्व अवकाश की अवधि को 84 दिन से बढ़ाकर पूरे 365 दिन करने का ऐलान किया है। इससे पहले यह सुविधा केवल दो बच्चों तक सीमित थी।
मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री डी. सरथकुमार ने राज्य विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान इस नए फैसले की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने सदन को बताया कि सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से इस छुट्टी की सीमा को 12 हफ्ते से बढ़ाकर पूरा एक साल किया जा रहा है।
विधायक आर. पल्लवी के नवजात को लाने के बाद फैसला
यह महत्वपूर्ण घोषणा तब सामने आई जब पहली बार विधायक बनीं टीवीके नेता आर. पल्लवी अपने नवजात बच्चे को लेकर विधानसभा सत्र में पहुंची थीं। उन्होंने सदन की कार्यवाही में भाग लेने से पहले बच्चे को परिसर के एक कमरे में केयरगिवर की देखरेख में सुरक्षित सौंपा था।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करने के बाद विधायक पल्लवी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे नवजात को घर पर अकेला नहीं छोड़ सकती थीं। उन्होंने आलोचकों से अपील की कि बिना स्थिति समझे किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी न करें। सरकार के इस कदम को कामकाजी महिलाओं के लिए राहत माना जा रहा है।