New Delhi News: मौसम विभाग ने शनिवार को देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं राजस्थान और पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है।
आईएमडी ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए नया अपडेट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने वीकेंड पर बाहर निकलने या लंबी यात्रा करने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। सफर शुरू करने से पहले लोकल वेदर रिपोर्ट जरूर जांच लें।
दिल्ली-एनसीआर और पड़ोसी राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि पूरे रीजन में भारी बारिश का कोई खतरा नहीं है। वहीं हरियाणा में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और आंधी का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की उम्मीद है, लेकिन राज्य में कोई गंभीर चेतावनी नहीं है। उधर पंजाब में बादलों की आवाजाही के साथ आंधी और बारिश का अंदेशा है। बिहार में हल्की बौछारें गिर सकती हैं, हालांकि वहां कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और राजस्थान में अंधड़ की आशंका
राजस्थान के पश्चिमी जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में स्थिति पूरी तरह सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ लैंडस्लाइड का जोखिम बना हुआ है। उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यात्रियों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
