हिमाचल के घट्टा टोल प्लाजा पर शुल्क वृद्धि को उपभोक्ता आयोग में चुनौती, खस्ताहाल सड़क और सुरक्षा पर भी उठे सवाल

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा जिले के घट्टा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स अचानक 25 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये करने का मामला अब कानूनी पचड़े में फंस गया है। नेशनल हाईवे की बदहाल स्थिति और मनमाने शुल्क के विरोध में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, धर्मशाला में शिकायत दर्ज कराई गई है। आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए 17 अक्टूबर को नोटिस जारी किया।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सड़क का मुख्य हिस्सा अभी पूरी तरह चालू ही नहीं हुआ है, फिर भी चालकों से भारी टैक्स वसूला जा रहा है। कचहरी बाईपास की टनल बंद पड़ी है, सड़क कई जगह धंसी है और लैंडस्लाइड वाले इलाकों में संकेतक तक नहीं लगे हैं। हाईवे पर घूमते लावारिस पशु भी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।

अधूरी सड़क और भारी टैक्स वसूली पर उठे गंभीर सवाल
आम मुसाफिरों, स्थानीय ड्राइवरों, कोर्ट के चक्कर लगाने वालों और टांडा मेडिकल कॉलेज जाने वाले गंभीर मरीजों को रोज भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। कम दूरी तय करने वाले लोकल ड्राइवरों से भी पूरा टोल वसूला जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी यानी एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों को इस शिकायत में पक्षकार बनाकर जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।

बनखंडी के वकील सुनील कुमार नरोत्रा, फक्लोह के वकील सनी कोंडल, नेहरन पुखर के एलआईसी एजेंट सुनील राणा और ज्वालामुखी के अतुल चौधरी ने यह शिकायत दायर की है। इन्होंने टोल में हुई बढ़ोतरी पर फौरन रोक लगाने, पुराना शुल्क बहाल करने, सुरक्षा की निष्पक्ष जांच कराने और अवैध वसूली का पैसा वापस दिलाकर मुआवजा देने की मांग रखी है।

सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले का दिया हवाला
याचिकाकर्ताओं ने देश की शीर्ष अदालत के नेशनल हाईवे अथॉरिटी बनाम ओ.जे. जनीश केस के फैसले का हवाला दिया है। उनका साफ कहना है कि सड़क की हालत, सुरक्षा और निर्माण कार्य पूरा हुए बिना टैक्स वसूलना नियमों के खिलाफ है। फिलहाल उपभोक्ता आयोग के सामने मामला विचाराधीन है और उसके अंतिम फैसले पर अब पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हैं

Mukesh kumar
Mukesh kumarhttp://Rightnews.in
📰 JOURNALIST | EDITOR | VOICE OF THE GROUND Editor – Right News | 2021–Present Since 2021, working in journalism with a commitment to bringing ground realities, public concerns and important local issues before the people. From civic problems and administrative matters to social issues, development and current affairs, the focus remains on people-centric reporting and responsible journalism. सवाल वही, जो जनता से जुड़े हों। आवाज़ वही, जो ज़मीनी हकीकत सामने लाए। Right News | Journalism with Purpose

Read more

Related News