New Delhi News: भारत से चीन तक शुक्रवार, 23 अक्टूबर की सुबह भूकंप के झटके दर्ज किए गए। महज साढ़े तीन घंटे के अंदर भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और चीन की धरती कांप उठी। इन सभी देशों में भूकंप की तीव्रता 2.7 से 4.9 के बीच दर्ज की गई है।
भारत के शिमला से हुई भूकंप की शुरुआत
सबसे पहले भारत के हिमाचल प्रदेश में भूकंप दर्ज हुआ। तड़के 2:43 बजे शिमला के पास 2.7 तीव्रता का हल्का झटका महसूस किया गया। इसका केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था। इस झटके से किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
इसके बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान में सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का सबसे तेज भूकंप आया। इसका केंद्र 15 किलोमीटर गहराई में स्थित था। वहीं अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का झटका आया, जिसका केंद्र जमीन में 25 किलोमीटर नीचे मापा गया।
तिब्बत में बड़े भूकंप के बाद आया आफ्टरशॉक
चीन के तिब्बत क्षेत्र में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। वहां गुरुवार को आए 7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में 16 लोगों की मौत हो चुकी थी। शुक्रवार का झटका उसी बड़े भूकंप का आफ्टरशॉक माना जा रहा है, जिससे इलाके में चिंता बनी हुई है।
दरअसल बड़े भूकंप के बाद जमीन की अंदरूनी चट्टानों में हलचल जारी रहने से दोबारा झटके महसूस होते हैं। इस प्रक्रिया को वैज्ञानिक भाषा में आफ्टरशॉक कहा जाता है। एजेंसी और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए हैं।