दिल्ली अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष और सौरव रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाई

Share

- Advertisement -

Delhi News: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष रांका और सौरव रांका की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी है। दोनों नेताओं को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर अनधिकृत प्रवेश और काम में बाधा डालने के आरोप में पकड़ा गया था।

दोनों नेताओं की पांच दिन की पहली न्यायिक हिरासत सोमवार को समाप्त हो रही थी। इसके बाद पुलिस ने दोपहर करीब दो बजे दोनों को अदालत में पेश किया। कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मजिस्ट्रेट ने उनकी हिरासत को दो दिन और बढ़ाने का फैसला सुनाया।

अदालत में पेशी से पहले लीगल हेड ने उठाई रिहाई की मांग

सुनवाई से ठीक पहले पार्टी की लीगल हेड एडवोकेट रत्ना सिंह ने दोनों की तत्काल रिहाई की मांग उठाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा किया था। उन्होंने कहा कि न्यायिक हिरासत बढ़ाने का कोई ठोस आधार नहीं है, इसलिए दोनों को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।

पुलिस के अनुसार 13 अक्टूबर को दोनों नेता कार्यकर्ताओं के साथ जंतर-मंतर पर निजी रास्ते से पहुंचे थे। उन पर तय नियमों का उल्लंघन करने और सुरक्षा कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को अदालत ने दोनों को पांच दिन की हिरासत में भेजा था।

पुलिस ने कानून व्यवस्था की दलील देकर मांगी थी रिमांड

दिल्ली पुलिस ने अदालत में कहा कि कानून के बार-बार उल्लंघन की आशंका को देखते हुए हिरासत बढ़ाना जरूरी था। वहीं बचाव पक्ष ने इस दलील का कड़ा विरोध किया। इस मामले में पार्टी कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे को पहले ही मुचलके पर छह महीने शांति बनाए रखने की शर्त पर छोड़ा जा चुका है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News