आईएनडीआईए की रैली पर भाजपा का तीखा पलटवार, संबित पात्रा बोले- यह देश किसी की जागीर नहीं

Share

- Advertisement -

Delhi News: विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए की रैली के जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने देश भर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला। इसके बाद भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने रैली को अनुशासनहीन तमाशा बताते हुए कहा कि देश में आम नागरिक भी शीर्ष पद पर पहुंच सकता है।

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए की रैली के पलटवार में भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला और जनसभाएं आयोजित कीं। इस दौरान पार्टी ने मुख्यमंत्रियों और कई वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा। शाम को भाजपा ने संवाददाता सम्मेलन कर विपक्षी गठबंधन की रैली को अराजक और अनुशासनहीन तमाशा करार दिया।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी द्वारा वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताने पर तीखा हमला बोला। पात्रा ने कहा कि यह हिंदुस्तान किसी के अब्बूजान का नहीं है, बल्कि हिंदुस्तानियों का है। यहां एक चायवाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यही बात सबसे ज्यादा चुभती है कि कैसे आम लोग लोकतंत्र की सीढ़ियां चढ़कर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बन गए, जबकि वे वंशवादी जो इस देश को अपनी जागीर समझते थे, पीछे छूट गए।

पात्रा ने 2024 के चुनाव संबंधी दावों के संदर्भ में राहुल गांधी को ‘अवैध’ नेता प्रतिपक्ष बताया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नेता को लगता था कि चुनाव अवैध थे, तो उन्हें इसके विरुद्ध विधिवत शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 130 करोड़ जनता का आशीर्वाद प्राप्त है और जब तक कांग्रेस नेता अराजकता फैलाने के इरादे से गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे, तब तक प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले।

रामलीला मैदान की भीड़ पर उठाए सवाल

रामलीला मैदान में आईएनडीआईए के शक्ति प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने रैली में 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया था, लेकिन वहां बेहद कम लोग मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मैदान में दिखाई गई भीड़ ‘ट्रिक फोटोग्राफी’ का नतीजा थी। राहुल गांधी के ‘शिव की बारात’ वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह शिव की बारात नहीं, बल्कि पूरी तरह अराजक और अनुशासनहीन तमाशा था।

कांग्रेस में अंदरूनी कलह का दावा

संबित पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के दो अलग-अलग खेमों में बंट चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा आयोजित मॉक संसद में राहुल गांधी या पार्टी ने प्रियंका गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया, जबकि गैर-सांसदों सहित अन्य लोगों को मंच दिया गया था। रविवार को रामलीला मैदान की रैली में भी सभी दलों के नेताओं ने अपनी बात रखी, लेकिन प्रियंका गांधी को दोबारा बोलने का अवसर नहीं मिला, जिससे वह नाखुश नजर आईं। पात्रा ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी को यह डर सता रहा है कि प्रियंका गांधी के आगे आने से वह खुद हाशिये पर चले जाएंगे? भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी इन बयानों का समर्थन करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News