जशपुर के बगीचा विकासखंड में 16.03 करोड़ रुपये से बनेंगे पांच नए पुल, पीएम जनमन योजना से मिली मंजूरी

Share

- Advertisement -

Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ग्रामीण सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन योजना) के तहत पांच नए पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की लागत से बनने वाले ये सभी पुल बगीचा विकासखंड में निर्मित किए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 290 मीटर होगी।

    भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के बैच-I में छत्तीसगढ़ राज्य में कुल 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। इसमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के ये पांच प्रमुख पुल शामिल हैं। इनके निर्माण से डंगरी, दरावाकोना, जबला, नवापारा, कमरीमा मंझाटोली, खपरीडीह, बगीचा और बांसधार सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

    जशपुर जिले में बनने वाले पांच पुलों का विवरण

    प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार, बगीचा विकासखंड के विभिन्न नालों पर बनने वाले पांच पुलों की लंबाई और स्वीकृत बजट इस प्रकार है:

    1. डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
    2. जबला से नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
    3. कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये का बजट रखा गया है।
    4. बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग: नाले पर 80 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं।
    5. कुहापानी से बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है।

    बारहमासी आवागमन से ग्रामीण विकास को मिलेगी गति

    इन पांचों पुलों के बन जाने से क्षेत्र के निवासियों को वर्ष के बारह महीने आवागमन में सुविधा मिलेगी। अब तक बारिश के मौसम में नालों पर पुल न होने के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे अब स्थायी राहत मिलेगी।

    सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में समय की बचत होगी। इसके साथ ही मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों तक पहुंचाना सुलभ होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित बजट के भीतर इन पुलों का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

    Read more

    Related News